नई दिल्ली : भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने अपनी शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली। पुरुष सिंगल्स में युवा शटलर लक्ष्य सेन (Lakshya Sen) को हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। मौजूदा विश्व चैंपियन सिंधु ने सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की आठवीं वरीयता प्राप्त बुसानन ओंगबामरुंगफान को 21-14, 21-14 से हराया।
इस जीत के साथ ही बुसानन के खिलाफ सिंधु का जीत का रिकॉर्ड भी 14-1 हो गया है। इससे पहले दूसरे दौर में उन्होंने डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफरसन को 21-19, 21-9 से हराया था। सिंधु का सामना अब जापान की सायाका ताकाहाशी से होगा। पुरुष एकल में सौरभ वर्मा हालांकि दूसरे दौर में जापान के केंटा निशिमोतो से 12-21, 9-21 से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
वहीं, लक्ष्य सेन पुरूष एकल क्वार्टर फाइनल में कोरिया के हियो क्वांगी से 17-21, 15-21 से हार गए । सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पांचवीं वरीयता पुरुष युगल जोड़ी को क्वार्टरफाइनल में आरोन चिया और सोह वूई यिक की चौथी वरीयता प्राप्त मलेशियाई जोड़ी से 21-18, 18-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय जोड़ी ने हमवतन एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला को 15-21, 21-10, 21-19 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।
भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने सिंगल्स में तीसरे दौर में प्रवेश करने के लिए सिंगापुर के लोह कीन यू पर आसान जीत हासिल की थी। इस युवा खिलाड़ी ने सिंगापुर की चुनौती को 40 मिनट में 21-17 21-13 से ध्वस्त कर दिया। पहले दौरे में लक्ष्य ने आयरलैंड के एनहाट एनगुएन को 21-10, 21-16 से हराया था।