{ फर्रुखाबाद से सतीश गुप्ता की रिपोर्ट }
देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी द्वारा रविवार को पूरे देश में लागू किए गए जनता कर्फ्यू को पूर्ण रूप से सफल बनाने हेतु आज शनिवार को फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अमित आसेरी आईएएस व पुलिस उपाधीक्षक राजवीर सिंह गौर ने भारी संख्या में पुलिस बल के साथ कायमगंज नगर में पैदल भ्रमण कर व्यापारियों व दुकानदारों से अपने अपने प्रतिष्ठान बन्द रखकर जनता कर्फ्यू में सहयोग प्रदान करने की अपील की।

पैदल भ्रमण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अमित आसेरी ने सभी नगर व क्षेत्र वासियों से अपील करते हुए कहा कि रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान सभी सम्मानित व्यापारी एवं दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बन्द रखें।

जनता कर्फ्यू के दौरान कोई भी व्यापारी, दुकानदार व आम नागरिक अपने घर से बाहर न निकले,ना सङक पर जायें और ना मोहल्ले में या सोसाइटी में एकत्रित हो।

वहीं भ्रमण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अमित आसेरी ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सौ रुपये से अधिक में सेनेटाइजर व दस रुपये से अधिक में मास्क न बेचें।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अमित आसेरी ने समस्त व्यापारियों,दुकानदारों व नगर एवं क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि रविवार को जनता कर्फ्यू के उपरांत भी कहीं सङक,दुकान एवं किसी भी स्थान पर पांच लोगों से ज्यादा एकत्र न हों, धारा 144 लागू है। एक स्थान पर पांच लोगों से ज्यादा लोगों की भीड़ मिलने पर धारा 144 के उल्लंघन की धारा में कार्यवाही की जा सकती है।