1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने पोषण पखवाडा का किया शुभारम्भ

फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने पोषण पखवाडा का किया शुभारम्भ

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने पोषण पखवाडा का किया शुभारम्भ

 (फर्रुखाबाद से सतीश गुप्ता की रिपोर्ट)

फर्रुखाबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जहानगंज में जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में पोषण पखवाडा का शुभारम्भ एवं अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पोषण पखवाडा का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह व मुख्य विकास अधिकारी डॉ राजेन्द्र पेंसिया द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया ।

पोषण पखवाडा एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने सभी को वधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के विकास में लगातार महिलाओं की भागीदारी रही है। लड़कों को समझाएं कि वह लड़कियों का सम्मान करें। परिवार में बेटा व बेटी को एक ही नजर से देखा जाए।

हमारे जनपद में ही बहुत सी ऐसी बेटियां व महिलाएं हैं जो अच्छे पदों पर कार्य कर रही हैं तथा पुरुष से अधिक कार्य करती हैं। पुरुष उनको प्रेरणा मानकर कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह व मुख्य विकास अधिकारी डॉ राजेन्द्र पेंसिया ने गार्गी शिक्षिका पुस्तिका का अनावरण कर गार्गी शिक्षिका योजना का शुभारम्भ किया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने मुख्य मंत्री जन आरोग्य मेला की जानकारी देते हुए कहा कि जनपद में 31 स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रत्येक रविवार को प्रातः 10 बजे से 2 बजे तक स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाता है। सभी जनसामान्य स्वास्थ्य मेला में जाकर स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराए।

जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह द्वारा पोषण पखवाडा एवं बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान के अंतर्गत महिलाओं को शपथ दिलाई गई। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह द्वारा गार्गी शिक्षिकाओं को प्रमाण पत्र व जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु किए गए उत्कृष्ट कार्यों हेतु अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह द्वारा  जहानगंज थाना प्रभारी पूनम जादौन विशेष रूप से सम्मानित किया गया है। यंगेस्ट पियानिस्ट के रूप में प्रदेश एवं विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन करने वाली गौरी मिश्रा को जिलाधिकारी ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह द्वारा 151 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई। 11 किशोरियों को पोषण किट वितरित की गई एवं 11 नवजात शिशुओं को जिलाधिकारी द्वारा अन्नप्राशन कराया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह,मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पेंसिया,उपजिलाधिकारी अनिल कुमार व सीएमओ डॉ. चन्द्र शेखर सहित जनपद के तमाम अधिकारी गण मौजूद रहे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...