1. हिन्दी समाचार
  2. विदेश
  3. हार से उबरने के लिए 2024 की लड़ाई की तैयारी करेंगे डोनाल्‍ड ट्रंप

हार से उबरने के लिए 2024 की लड़ाई की तैयारी करेंगे डोनाल्‍ड ट्रंप

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
हार से उबरने के लिए 2024 की लड़ाई की तैयारी करेंगे डोनाल्‍ड ट्रंप

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी हार से उबरने का प्रयास कर रहे हैं। अब नई जानकारी सामने आई है कि वे 20 जनवरी को नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के बजाय 2024 की तैयारियों में लगेंगे। इधर भावी राष्ट्रपति जो बाइडन सरकारी कामकाज संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और उनकी सबसे पहली लड़ाई कोरोना महामारी से होगी।

उन्होंने कहा है कि महामारी से लड़ने के लिए अमेरिकी जनता को मदद का दायरा बढ़ाया जाएगा। अदालतों से एक के बाद एक उनके खिलाफ निर्णय होने के बाद भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी हार मानने को तैयार नहीं हैं।

हाल ही में एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा कि चुनावों में निष्पक्षता हो तो उन्हें हार मानने में कोई दिक्कत नहीं है। इस बार के चुनावों में वोटों को चुराया गया है। ट्रंप ने कहा कि वे कानूनी प्रक्रिया से न्याय पाने में असफल हो सकते हैं, लेकिन चार वर्ष काम करने की फिर तैयारी करेंगे। इस बात की जानकारी ट्रंप के कार्यक्रम में उपस्थित व्यक्ति ने दी। उसका कहना है कि ट्रंप अपने सलाहकारों से विचार कर रहे हैं और संभावना है कि वे 20 जनवरी को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में भाग न लें।

ट्रंप ने दो मिनट का वीडियो मैसेज भी ट्विटर पर डाला है, जिसमें उन्होंने चुनाव में धांधली का फिर आरोप लगाया है। यह बयान उस समय आया है कि जब ट्रंप के ही साथी रहे एटार्नी जनरल विलियम बार ने कहा है कि न्याय विभाग की जांच में बड़े पैमाने पर धांधली के कोई सबूत नहीं मिले हैं। इधर भावी राष्ट्रपति जो बाइडन सरकार का कामकाज संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

उन्होंने अपनी पूरी टीम के गठन की रूपरेखा पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। साथ ही कोरोना महामारी को लेकर उनकी लड़ाई प्राथमिकता पर है। उन्होंने हाल ही में श्रमिकों से मिलने के बाद बताया कि कोरोना महामारी में मदद का दायरा बढ़ाया जाएगा। बाइडन ने कहा कि हम आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने की ओर भी आगे बढ़ रहे हैं।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...