राजस्थान के जयपुर में मंगलवार को आयोजित चौथा सशस्त्र भूतपूर्व सैनिक दिवस समारोह में सेनाध्यक्ष जनरल नरवणे, नौसेना अध्यक्ष एडमिरल करमबीर, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम में राक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश की सुरक्षा का श्रेय आर्मी के वीर जवानों को दिया साथ ही उन्होंने सीडीएस पद के सृजन के लिए पीएम मोदी से अनुमति लेने का जिक्र करते हुए कहा कि, पिछले 20-21 सालों से चर्चा जारी थी कि चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ का पद होना चाहिए। लेकिन रक्षा मंत्री बनते ही मैने इस पर प्रधानमंत्री से बाती की और उन्होंने इसपर तुरंत सहमती जता दी। रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर आज भारत सुरक्षित है तो इसका श्रेय आर्मी के साहसी वीरों को जाता है।
सेनाध्यक्ष नरवणे ने कहा कि, सेनानिवृत्ति के बाद भी भूतपूर्व सैनिक अलग-अलग क्षेत्रों के जरिए राष्ट्र निर्माण में व्यस्त रहते हैं। दिग्गजों का कल्याण हमेशा हमारी प्राथमिकता रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, हम महिलाओं को कॉर्प्स मिलिट्री पुलिस में शामिल कर रहे हैं। कुल 1700 महिलाएं कॉर्प्स मिलिट्री पुलिस में शामिल की जाएंगी। इस साल छह जनवरी से 101 महिलाओं की ट्रेनिंग पहले ही शुरू हो चुकी है।
नौसेना अध्यक्ष एडमिरल करमबीर सिंह ने इस कार्यक्रम में कहा कि, यह सूचना युग है और जब बहुत सारी अच्छी जानकारी साझा की जाती है। मगर कई बार सेवाओं को लेकर मिथक और गलत धारणाएं सोशल मीडिया पर दिख जाती हैं। इसके आगे नौसेना अध्यक्ष ने कहा कि, आप सभी से मेरा अनुरोध है कि कृपया समाज में अपने सम्मान का उपयोग करें और यदि कुछ गलत धारणा या मिथक फैले हुए हैं तो कृपया सुनिश्चित करें कि आप मीडिया में सेवाओं की सकारात्मक छवि पेश करें।