गुनाः नदियों और जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सतत प्रयास जारी हैं। स्वच्छता एवं कायाकल्प अभियान के अंतर्गत गुनिया का तीसरा चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने बड़ा पुल से लगभग डेढ़ किलोमीटर तक पैदल निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सीमित स्तर के अतिक्रमण चिन्हित हुए, जिनके संबंध में वर्षा ऋतु से पूर्व आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि नदी के प्राकृतिक प्रवाह एवं मूल स्वरूप को बनाए रखा जा सके। नदी किनारे कई स्थानों पर कचरे के ढेर पाए गए, जो स्वच्छता के लिए गंभीर चुनौती होने के साथ मानवजनित लापरवाही को भी उजागर करते हैं।
इस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि नालों एवं नदी में कचरा डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ऐसे मामलों की सूचना देने वाले जागरूक नागरिकों को प्रोत्साहित करने की भी व्यवस्था की गई है।
गुना से संवाददाता रणधीर चंदेल की रिपोर्ट