महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर ‘उन्नति विधान’ नामक यह घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस ने इस घोषणा पत्र में किसानों और बेरोजगारों के लिए कई ऐलान किए हैं। इससे पहले पार्टी युवाओं के लिए ‘भर्ती विधान घोषणा पत्र’ और महिलाओं के लिए ‘शक्ति विधान घोषणा पत्र’ जारी कर चुकी है। इससे पहले मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और समाजवादी पार्टी (एसपी) अपना घोषणा पत्र जारी कर चुके हैं।
उन्नति विधान जन घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमने आम लोगों के सुझाओं को इसमें शामिल किया है। अन्य पार्टियों की तरह दूसरे दलों की घोषणाओं को नहीं शामिल किया गया है। आज की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और महंगाई की है। इसे लेकर कई घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो दस दिनों के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने ऐलान कहा कि किसानों से 25 सौ रुपये में गेहूं व धान और चार सौ रुपये में गन्ना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी का बिजली बिल हाफ किया जाएगा। कोरोना काल जिनका भी बिजली बिल बकाया है उसे साफ किया जाएगा। जिन्हें कोरोना महामारी की सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी उन परिवारों को 25 हजार रुपये सहायता भी दी जाएगा। उन्होंने कहा कि 20 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। इन नौकरियों महिलाओं को 40 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। यदि कोई बीमारी होती है तो सरकार की तरफ से 10 लाख रुपये तक इलाज मुफ्त कराया जाएगा।
छोटे व्यापारियों को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग बंद होगी। सभी संविदा कर्मियों का चरणबद्ध तरीके से नियमितिकरण किया जाएगा। शिक्षामित्रों को नियमित किया जाएगा।