भोपाल: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। भारतीय जनता पार्टी द्वारा महेश केवट को तीसरे राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारे जाने के बाद कांग्रेस ने भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख मुकेश नायक ने बीजेपी पर केवट समाज और महिला सम्मान के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
मुकेश नायक ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में केवट समाज को सम्मान देना चाहती, तो महेश केवट को उन दो सीटों में से किसी एक पर उम्मीदवार बनाती, जिनकी जीत लगभग सुनिश्चित मानी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीसरे प्रत्याशी के रूप में उतारकर भाजपा ने महेश केवट को राजनीतिक रूप से कठिन स्थिति में खड़ा कर दिया है और उन्हें केवल प्रतीकात्मक उम्मीदवार बनाया गया है।

ad
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर महिला विरोधी मानसिकता का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला उम्मीदवार के खिलाफ माहौल बनाना और राजनीतिक लाभ के लिए सामाजिक वर्गों का इस्तेमाल करना भाजपा की दोहरी राजनीति को दर्शाता है। नायक ने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में तीसरे उम्मीदवार को उतारने का उद्देश्य राजनीतिक खरीद-फरोख्त को बढ़ावा देना है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वस्थ राजनीतिक परंपराओं के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था और पारदर्शी राजनीति की पक्षधर है तथा ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करती है, जिससे जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त जैसी स्थितियां पैदा हों।
मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। दोनों दल एक-दूसरे की रणनीति और मंशा पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में अब सभी की निगाहें भाजपा की प्रतिक्रिया और चुनावी समीकरणों पर टिकी हुई हैं।