छिंदवाड़ाः कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने विकासखंड मोहखेड़ की ग्राम पंचायत गोरखपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विशेष रूप से पात्रता पर्ची से संबंधित दिक्कतों की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्रता पर्ची की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
ग्रामीणों ने गांव में पुल से जुड़ी समस्या भी बताई, जिस पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शीघ्र समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को अवगत कराया कि विभिन्न विभागों द्वारा गांव-गांव में कैम्प आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ग्रामीण अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
इन कैम्पों के माध्यम से समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छिंदवाड़ा से संवाददाता श्याम साहू की रिपोर्ट