लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर ‘कौशल सतरंग’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और कपिल देव अग्रवाल भी मौजूद रहे। कौशल सतरंग’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने विभाग द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल बुक ‘उम्मीदों के संग, कौशल के सतरंग’ का विमोचन किया।
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि, ‘कौशल सतरंग’ के 07 घटकों को एक साथ मिलाकर उत्तर प्रदेश के युवाओं के रोजगार, स्वरोजगार और स्वावलंबन हेतु आज का यह प्रयास प्रदेश की युवा ऊर्जा को समर्पित है। मैं इस अवसर पर सभी युवा साथियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
हर कार्य को करने का अपना एक दृष्टिकोण होना चाहिए और वह दृष्टिकोण जब सकारात्मक होता है तो उसके परिणाम भी सकारात्मक होते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में एक अवसर मिलता है, लेकिन अवसर के पहले चुनौती होती है। चुनौती को अवसर में बदलने की कला जिसे आ जाए, वह सफल होता है। हमारी ‘युवा ऊर्जा’, उत्तर प्रदेश जैसे राज्य के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।
एक अभिनव दृष्टि प्रस्तुत करने हेतु विभाग के मंत्री एवं प्रमुख सचिव को हृदय से धन्यवाद देता हूं। यह अप्रोच हम हर क्षेत्र में प्रयोग कर सकते हैं। ‘कौशल सतरंग’ योजना, प्रदेश की युवा ऊर्जा को स्वावलंबन व प्रदेश के विकास के साथ जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। इसका कारण था कि उस समय प्रदेश में प्रत्येक जनपद के पास सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम थे और हमारे उद्यमियों के पास हुनर था।