भोपाल: रविंद्र भवन में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को याद किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया।
सागर में ₹100 करोड़ से बनेगा संत रविदास स्मारक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर सागर में ₹100 करोड़ की लागत से भव्य स्मारक और मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इसका भूमिपूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।
सांस्कृतिक और धार्मिक पुनरुत्थान का किया उल्लेख
सीएम मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास और सांस्कृतिक पुनरुत्थान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम की स्थापना देश में सांस्कृतिक और धार्मिक पुनरुत्थान के नए दौर का उदाहरण है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी विस्तार हो रहा है। सरकार संतों और महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज में समरसता और एकता को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
उज्जैन में भी संत रविदास से जुड़े स्थलों का विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन में संत रविदास जी के नाम से जुड़े दंडकम्मंडल, टेका और समाधि स्थल के विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नई रेल सेवाओं की शुरुआत से बुंदेलखंड और उज्जैन के बीच आवागमन आसान होने तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।
संतों के बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार संतों के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर मध्य प्रदेश को विकास, सामाजिक समरसता और समानता के पथ पर आगे बढ़ाया जाए।उन्होंने संत रविदास जी के विचारों को समाज के लिए आज भी प्रासंगिक बताते हुए उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।