मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सागर जिले की तहसील खुरई में 312 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला खुरई विधानसभा दौरा होगा, जिसे लेकर स्थानीय नागरिकों और प्रशासन में खासा उत्साह है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे की शुरुआत खुरई शहर में रोड शो से होगी। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करेंगे और सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे। इसके बाद वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।
खुरई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव कुल 86 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 165 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 38 विकास कार्यों का लोकार्पण, 147 करोड़ रुपये की लागत से 48 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। ये परियोजनाएं सड़क, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी हैं, जो खुरई और आसपास के क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ भी वितरित करेंगे। इससे आमजन को सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा और सामाजिक सशक्तिकरण को बल मिलेगा।
खुरई पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री भोपाल में लोक निर्माण विभाग के एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेंगे। राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित इंजीनियर्स प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर से 1500 से अधिक अभियंता शामिल होंगे। इस अवसर पर कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क दस्तावेज का विमोचन किया जाएगा और ‘लोकपथ 2.0’ ऐप भी लॉन्च किया जाएगा, जिससे इंजीनियरिंग और निर्माण कार्यों की निगरानी डिजिटल रूप से और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
मुख्यमंत्री के खुरई दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारी की है। हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और रोड शो मार्ग पर एंबुलेंस, चिकित्सक और फायर ब्रिगेड की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा खुरई और सागर जिले के लिए विकास की नई दिशा तय करने वाला माना जा रहा है। करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात और सीधे जनसंवाद से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनविश्वास को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।