1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP News: जबलपुर सड़क हादसे पर CM डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये देने का ऐलान

MP News: जबलपुर सड़क हादसे पर CM डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये देने का ऐलान

जबलपुर सड़क हादसे में 5 मौतें। CM डॉ. मोहन यादव ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता का ऐलान किया।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: जबलपुर सड़क हादसे पर CM डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये देने का ऐलान

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 मजदूर घायल हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

गौर नदी के पास NHAI श्रमिकों के साथ हुआ हादसा

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि जबलपुर जिले में गौर नदी के पास सड़क निर्माण कार्य में लगे NHAI के श्रमिक इस हादसे का शिकार हुए। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

सहायता राशि का पूरा विवरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अनुसार राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये, सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त, संबंधित कार्य एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि मृतकों के परिवारों को 6-6 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये, सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाए। इस प्रकार मृतकों के परिजनों को कुल मिलाकर महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

बरेला हाईवे पर चक्काजाम, 6 घंटे बाद खुला रास्ता

हादसे के बाद बरेला हाईवे रोड पर भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने शवों को रखकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की। प्रशासन और परिजनों के बीच लंबी बातचीत के बाद 15-15 लाख रुपये की सहायता पर सहमति बनी, जिसके बाद करीब 6 घंटे बाद जाम खुल सका

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार दोपहर हुआ। हाईवे पर ग्रिल की पेंटिंग का काम कर रहे मजदूर सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। इस दुर्घटना में 16 मजदूर चपेट में आ गए, जिनमें से 5 की मौके पर मौत हो गई और 11 घायल हो गए। सभी मजदूर मंडला जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और घायलों का इलाज जारी है।

NHAI ने भी किया मुआवजे का ऐलान

हादसे के बाद NHAI ने भी मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...