1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. राष्ट्रीय खेल दिवस पर भोपाल में होगी मुख्यमंत्री हॉकी ट्रॉफी, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का होगा सम्मान

राष्ट्रीय खेल दिवस पर भोपाल में होगी मुख्यमंत्री हॉकी ट्रॉफी, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का होगा सम्मान

राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को भोपाल में मुख्यमंत्री हॉकी ट्रॉफी का आयोजन होगा। अरेरा कॉलोनी स्थित मेजर ध्यानचंद खेल ग्राउंड में पुरुष और महिला हॉकी टीमों के मुकाबले होंगे। शाम को उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

By: Nivedita 
Updated:
राष्ट्रीय खेल दिवस पर भोपाल में होगी मुख्यमंत्री हॉकी ट्रॉफी, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का होगा सम्मान

भोपाल। राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राजधानी भोपाल में 29 अगस्त को मुख्यमंत्री हॉकी ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। खेल आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की चुनिंदा पुरुष और महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी।

मेजर ध्यानचंद खेल मैदान में होंगे मुकाबले

मुख्यमंत्री हॉकी ट्रॉफी के मुकाबले अरेरा कॉलोनी स्थित मेजर ध्यानचंद खेल ग्राउंड में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा किया जाएगा। सुबह 10 बजे से पुरुष और महिला वर्ग की मध्य प्रदेश की चार-चार सर्वश्रेष्ठ हॉकी टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और दर्शक रोमांचक मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।

शाम को होगा पुरस्कार वितरण

प्रतियोगिता के मुकाबले समाप्त होने के बाद शाम 5 बजे पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए विशेष सम्मान समारोह

इसके बाद शाम 6 बजे अपेक्स बैंक के समन्वय भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश एवं मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

भाजपा के कई पदाधिकारी रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, मीडिया सह-प्रभारी आशीष अग्रवाल, पवन दुबे सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और प्रदेश के खिलाड़ियों को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...