मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 9 जनवरी को राजधानी भोपाल में आयोजित 19वें डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में सहभागिता करेंगे। सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध पुरातत्वविद् एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. यशोधर मठपाल को पुरातत्व और शैल-चित्र अध्ययन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भी शुभारंभ होगा, जिसमें देशभर से प्रख्यात विद्वान, शिक्षाविद्, वरिष्ठ प्रशासक, शोधकर्ता और विरासत संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। संगोष्ठी में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत के संरक्षण और अध्ययन से जुड़े विषयों पर मंथन किया जाएगा।
राष्ट्रीय कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीधी जिले के बहरी पहुंचेंगे, जहां वे हितग्राहियों के प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कुल 201 करोड़ रुपये की लागत से 209 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 179 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 133 करोड़ रुपये की लागत से 30 विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के अंतर्गत 505 हितग्राहियों को 11 करोड़ 58 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि भी वितरित करेंगे। साथ ही बहरी और अमिलिया को नगर परिषद का दर्जा देने तथा बहरी अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने जैसी महत्वपूर्ण घोषणाओं की भी संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा-
सुबह 11:00 बजे: कुशाभाऊ ठाकरे हॉल, भोपाल में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय सम्मान समारोह एवं शोध संगोष्ठी में सहभागिता
दोपहर 12:15 बजे: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
दोपहर 12:30 बजे: भोपाल से ग्राम बहरी (विधानसभा क्षेत्र सिहावल), जिला सीधी के लिए प्रस्थान
दोपहर 2:00 बजे: बहरी आगमन एवं स्थानीय कार्यक्रम में सहभागिता
शाम 4:00 बजे: बहरी से भोपाल के लिए प्रस्थान
शाम 5:45 बजे: मुख्यमंत्री निवास, भोपाल आगमन
मुख्यमंत्री के इस दौरे से सीधी जिले के विकास को नई गति मिलने और आम जनता को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलने की उम्मीद की जा रही है।