मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में सीएम राइज संदीपनी स्कूल की बस व्यवस्था को लेकर अभिभावकों और विद्यार्थियों का आक्रोश सामने आया। स्कूल बस संचालन में कथित अव्यवस्थाओं और बच्चों को समय पर परिवहन सुविधा नहीं मिलने के विरोध में बड़ी संख्या में परिजन बेरछा रोड पर एकत्र हुए और चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल बसें निर्धारित समय पर नहीं पहुंचतीं और कई बार बच्चों को बस में बैठाने से मना कर दिया जाता है। उनका कहना है कि इससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें स्कूल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में एक बस चालक ने एक छात्र को बस में बैठाने के बाद बीच रास्ते में ही उतार दिया। इस घटना के बाद अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने बस व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान बेरछा रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
मौके पर पहुंचीं एसडीएम ने अभिभावकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर यातायात बहाल कर दिया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले में कहा कि विभाग के पास पर्याप्त बसें उपलब्ध हैं। उनके अनुसार, छात्रों के लिए निर्धारित रिजर्व पिकअप पॉइंट तय किए गए हैं, लेकिन कुछ विद्यार्थी अन्य स्थानों से बस में चढ़ने का प्रयास करते हैं, जिससे संचालन में दिक्कतें आती हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।