नीमच जिले के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सेमली इस्तमुरार में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 2 बजे युवक अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा था, जहां उसे चोर समझकर पकड़ लिया गया।
आरोप है कि घर के लोगों ने युवक को रस्सी से बांध दिया और उसके साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति लाठी से युवक पर वार करते हुए दिखाई दे रहा है।

मारपीट के दौरान युवक के चेहरे पर चोट के निशान भी दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि उसे सुबह करीब 5 बजे छोड़ा गया, जिसके बाद वह सीधे कुकड़ेश्वर थाने पहुंचा और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कंवरलाल बंजारा और कमलीबाई बंजारा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।