संभल: धनारी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला चतुर भानपुर में कल रात कल्याण सिंह की बेटी की शादी थी। शादी समारोह में तमाम मेहमान शामिल हुए थे, सभी तरफ खुशियां छाई हुई थी इसी बीच कल्याण सिंह के चचेरे भाई (मान सिंह) और उनके रिश्तेदार (तोकी) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जहां रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि, शादी के दौरान दोनों ने अत्यधिक शराब पी ली थी। जहरीली शराब के चलते दोनों की मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई, चारों और कोहराम मच गया। इस बीच सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों की मौत शराब पीने से हुई है या फिर किसी अन्य कारण से फिलहाल शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई हैं।

बता दें कि ग्रामीण अंचलों में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाई जाती है, लेकिन पुलिस प्रशासन इन पर लगाम कसने की बजाए आंख मूंदे हुए बैठा है। लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आने के बाद भी पुलिस प्रशासन हाथ बांधे बैठा हुआ है मोटा मुनाफा कमाने के फेर में अवैध शराब के कारोबारी लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहा है आबकारी विभाग के अधिकारी भी घटनाओं से सबक नहीं ले रहे।