वाशिंगटन: कैलिफोर्निया प्रांत ने डेमोक्रेटिक प्रत्याशी जो बाइडन की जीत पर मुहर लगा दी है। 55 इलेक्टोरल कॉलेज के नतीजे पक्ष में आने के बाद बाइडन ने सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत हासिल कर लिया है। बाइडन को 279 इलेक्टोरल कॉलेज का समर्थन मिल चुका है जबकि जरूरी आंकड़ा 270 का है।
हालांकि राष्ट्रपति चुनाव में सामान्यत: इन औपचारिकताओं पर इतना जोर नहीं दिया जाता है लेकिन इस बार मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बाइडन की जीत को स्वीकार नहीं करने के चलते इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कैलिफोर्निया में जिन इलेक्टरों की जीत की घोषणा की गई है वे 14 दिसंबर को अन्य प्रांतों के अपने समकक्षों के साथ बैठक करेंगे और अगले राष्ट्रपति के लिए औपचारिक मतदान करेंगे। इसके बाद छह जनवरी को कांग्रेस इस पर अंतिम मुहर लगा देगी।
249 रिपब्लिकन सांसदों में से सिर्फ 27 ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन की चुनावी जीत को स्वीकार किया है। वाशिंगटन पोस्ट द्वारा किए गए एक सर्वे में दो रिपब्लिकन सांसद जहां ट्रंप को राष्ट्रपति चुनाव का विजेता मानते हैं वहीं 220 सांसदों ने इस बात पर टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया कि किसने चुनाव जीता।
यह सर्वे ट्रंप के उस वीडियो के बाद किया गया है, जिसमें उन्होंने बाइडन को हराने का दावा किया था। रिपब्लिकन पार्टी के आठ सांसदों ने ट्रंप द्वारा जीत के दावे का समर्थन किया और प्रांतीय विधानसभाओं से उन्हें विजेता घोषित करने के लिए कहा है, जहां राष्ट्रपति को हार का मुंह देखना पड़ा है।