छिंदवाड़ाः मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव छिंदवाड़ा की मोहखेड़ तहसील के ग्राम करेर और ग्राम ग्वारा पहुंचे और बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी।
उसके बाद मीडिया से चर्चा में सीएम ने बताया कि कल लहसुन से भरे पिकअप और बस के टकराने से हुए हादसे में मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। इसके अलावा संबल योजना में मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपए यानि कुल मिलाकर 8-8 लाख रुपए दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों का उचित इलाज चल रहा है और सरकार हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि इसकी पूरी जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल लहसुन भरे पिकप से बस की आमने सामने की टक्कर में दोनों ड्राइवर एक क्लीनर और एक बच्चे सहित 7 लोगों की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि मैने आज प्रत्येक मृतक परिजनों से मिलने की कोशिश की है और घायलों से भी मुलाकात की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ में है। कल रात को ही उन्होंने प्रभारी मंत्री को यहां भेजा था। यथायोग्य मेडिकल डॉक्टरों की टीम कल से जबलपुर से भेजी थी और नागपुर में भी एक टीम भेजी गयी ताकि घायलों का उचित इलाज किया जा सके।
सीएम ने कहा कि यह हादसा कैसे हुआ इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं। घायलों का पूरा इलाज सरकार कराएगी। घायलों को 1-1 लाख रुपए दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब गाड़ी पलटी तो पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी खत्म करके वहां से निकल रहे थे, ऐसे में जो पुलिस के जवानों ने घायलों की मदद कर उन्हें बचाने का काम किया। मुख्यमंत्री ने उन सभी पुलिस के जवानों को भी इनाम की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुलाकात के दौरान कई घायलों ने बताया कि जवानों की मदद से वो सही समय पर बाहर निकले अन्यथा हादसा और बड़ा हो सकता था।
इस दौरान उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि कष्ट की इस घड़ी में मैं दुर्घटना से प्रभावित लोगों के साथ हूं। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के लोगों को भी धन्यवाद दिया कि उन्होंने घायलों का समय से यथायोग्य इलाज किया।