Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर विवेक कुमार ने आवेदकों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने दयाशंकर और उनकी पत्नी से चर्चा करते हुए कहा कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं होता है, तो वे सीधे उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
ऐसे में, संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित नवागत कलेक्टर की पहली जनसुनवाई में करीब 105 आवेदनों पर सुनवाई हुई। इस दौरान कलेक्टर ने अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
जानकारी के लिए बता दें जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर विवेक कुमार ने आवेदिका रुखडीबाई को अपने पास बैठाकर उनकी आवास संबंधी परेशानी सुनी है। वहीं, दिव्यांग आवेदक से भी बातचीत कर उसकी समस्या को समझा और अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के आदेश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि लोगों की शिकायतों का निराकरण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। साथ ही, उन्होंने रास्ते के विवाद, जमीन पर कब्जे और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों में मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने और समाधान करने के आदेश दिए हैं।

जनसुनवाई में शाहपुर की कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और एमागिर्द में साफ-सफाई से जुड़े मुद्दे भी सामने आए हैं। इसके अलावा राशन वितरण, बिजली, पुलिस, पंचायत और शिक्षा सहित कई विभागों से संबंधित शिकायतें भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए कि प्रत्येक आवेदन की जांच कर पात्रता के आधार पर समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका उचित समाधान कराना रहा।
ये भी पढ़ें: https://www.rninews.co.in/mogrikheda-dam-survey-38-farmers-land-barwani/