बिग बॉस 19 का वीकएंड का वार इस बार बेहद खास होने वाला है, क्योंकि शो को सलमान खान की जगह डायरेक्टर रोहित शेट्टी होस्ट करते नजर आएंगे। सलमान खान इन दिनों ‘दबंग टूर’ के लिए कतर गए हैं, इसलिए वीकएंड में शो की बागडोर रोहित के हाथों में होगी। रोहित की एनर्जी और अंदाज ने पहले ही दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा दी है।
गौरव खन्ना और अमाल मलिक की तीखी बहस
शो के अपकमिंग एपिसोड का एक नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें टीवी एक्टर गौरव खन्ना और सिंगर अमाल मलिक के बीच खूब गर्मागर्मी देखी गई। रोहित शेट्टी ने गौरव से सवाल किया कि वह शुरुआत में असली थे या अब अपनी असली छवि दिखा रहे हैं। इस पर गौरव ने जवाब दिया कि वह शुरुआत से जैसे हैं, वैसे ही सबके सामने हैं और अपने लोगों के साथ हमेशा खड़े रहते हैं।
गौरव की बात सुनकर अमाल मलिक भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि गौरव सिर्फ अपने करीबियों को सपोर्ट करते हैं और सही-गलत की परवाह किए बिना उन्हें बचाते रहते हैं। जवाब में गौरव ने भी पलटवार करते हुए कहा कि अमाल ने अपने दोस्त को धोखाधड़ी से कैप्टन बनवाया है। इसी बात पर दोनों में लंबी बहस छिड़ गई।
कौन होगा इस हफ्ते एलिमिनेट?
वीकएंड का वार एपिसोड में हमेशा की तरह इस बार भी एक प्रतियोगी शो से बाहर होगा। अब घर में गौरव खन्ना, तान्या मित्तल, शहबाज, मालती चाहर, अशनूर कौर और कुनिका सदानंद जैसे कंटेस्टेंट बचे हैं। दर्शक अब यह जानने को उत्सुक हैं कि इस हफ्ते किसका सफर खत्म होगा।