नई दिल्ली: पूर्व भारतीय कप्तान व भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने इंडियन सुपर लीग (ISL)) क्लब एटीके मोहन बागान के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। गांगुली ने आईएसएल टीम बागान का स्वामित्व रखने वाले आरपीएसजी ग्रुप के आईपीएल की लखनऊ टीम खरीदने के दो दिन बाद क्रिकबज से इस बात की पुष्टि की कि संभावित हितों के टकराव से बचने के लिए उन्होंने निदेशक पद से इस्तीफ़ा दे दिया है।
आरपीएसजी ग्रुप के लखनऊ टीम खरीदने के बाद मीडिया में खबरें आयी थीं कि बीसीसीआई अध्यक्ष और कंपनी के निदेशक के तौर पर हितों के टकराव की सम्भावना बनती है जिसे देखते हुए गांगुली ने कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफ़ा दे दिया।
जहां हितों के टकराव का विवाद सुलझता है, वहीं सीवीसी कैपिटल के संबंध में एक और आकार ले रहा है, जिन्हें 5625 करोड़ रुपये की बोली लगाने के बाद अहमदाबाद आईपीएल फ्रेंचाइजी से सम्मानित किया गया था।
कोलकाता के दिग्गज औद्योगिक घराने आरपी संजीव गोयनका समूह ने रिकॉर्ड 7090 करोड़ रुपये में आईपीएल में लखनऊ फ्रेंचाइजी खरीदी है, जिसके बाद सौरव गांगुली ने ऐसा कदम उठाया। साल 2022 सीजन से लखनऊ और अहमदाबाद फ्रेंचाइजी आईपीएल में हिस्सा लेंगी। अभी तक आईपीएल में मौजूदा आठ फ्रेंचाइजी के लिए खिलाड़ियों को बनाए रखने के नियमों पर कोई स्पष्टता नहीं है।
आईपीएल के 2022 सत्र में 10 टीमें होंगी और 74 मैच खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम घरेलू मैदान पर सात और विरोधी टीम के मैदान पर सात मुकाबले खेलेगी।