1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आजम खान ने बताया उनके साथ ऐसा कौन कर रहा है, जानिए यहां

आजम खान ने बताया उनके साथ ऐसा कौन कर रहा है, जानिए यहां

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
आजम खान ने बताया उनके साथ ऐसा कौन कर रहा है, जानिए यहां

फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के मामले में जेल भेजे गए उत्तर प्रदेश के रामपुर से सपा सांसद आजम खान उनकी पत्नी तजीन फातमा और बेटे अब्दुल्ला को गुरुवार को रामपुर से सीतापुर जेल शिफ्ट कर दिया गया। इस दौरान सीतापुर जेल पहुंचने पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में आजम खान ने कहा कि पूरा देश जानता है क्या हो रहा है? किसी से कुछ छुपा नहीं है।

दरअसल आजम खान से जब पूछा गया कि आपको क्या लगता है? आप पर जो कार्रवाई हुई है, उस पर आपको क्या कहना है? आजम खान ने कहा कि पूरा देश जानता है क्या हो रहा है? किसी से कुछ छुपा नहीं है। इसके आगे जब उनसे पूछा गया कि क्या सरकार आपके साथ ऐसा कर रही है? इस पर आजम खान बोले कि और कौन कर रहा है? वहीं एक पत्रकार ने जब ये पूछा कि क्या इसके पीछे मुख्यमंत्री को दोषी मानते हैं? इस पर आजम खान ने कहा कि अरे, एक दो हों तो बताएं।

बता दें कि, गुरुवार तड़के आजम, अब्दुल्ला और तजीन को सीतापुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया। दरअसल, रामपुर के एसपी ने कोर्ट से गुहार लगाई थी कि रामपुर जेल में आजम और उनके परिवार को रखने पर कानून-व्यवस्था गड़बड़ा सकती है, लिहाजा उन्हें बरेली या किसी अन्य जेल शिफ्ट किया जाए। इसके बाद 27 फरवरी को तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच उन्‍हें सीतापुर जेल शिफ्ट किया गया। सीतापुर के जेल अधीक्षक डीसी मिश्रा ने इस बात की पुष्टि की।

गौरतलब हो कि, अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में आजम खान ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ जमानत की अर्जी दाखिल की थी। इस मामले में बुधवार को एडीजे-6 की कोर्ट में सुनवाई हुई, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में लेने का आदेश दिया गया था। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर कड़ी सुरक्षा के बीच रामपुर जेल ले जाया गया था। वहां आजम और उनके बेटे को बैरक नंबर-1 में रखा गया था। इस मामले में अगली सुनवाई 2 मार्च को होगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...