पूर्व माध्यमिक विद्यालय महाराजगंज औराई की बालिका सुमन पांडे ने अपने भदोही का गौरव बढ़ाया। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय सेमिनार एवं सी.एस.आर. कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन 4 और 5 मार्च को डॉक्टर राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम लखनऊ में माननीय बेसिक शिक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
मीना मंच में मीना प्रेरक के रूप में बाल विवाह जैसे विषय पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए माननीय आनंदी बेन पटेल जी द्वारा स्मृति चिह्न देकर सुमन को सम्मानित किया गया। इस आयोजन में बेसिक शिक्षा मंत्री श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी, शिक्षा निदेशक विजय कुमार, एससीओ सबा सिद्दकी मैडम आदि लोग उपस्थित रहे।
मंच की जनपद मास्टर ट्रेनर एवं सुगमकर्ता डॉक्टर माया त्रिपाठी ने बताया कि, महाराजगंज निवासी सुमन पांडे ने “बाल विवाह” जैसी बुराई कि स्वयं भुक्तभोगी है। भविष्य में कोई भी बच्चियां इस बुराई से पीड़ित ना हो, उनका शारीरिक और मानसिक शोषण ना हो, इसके लिए वह बाल विवाह के क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही है।
शिक्षा की धारा से जुड़ गई है और लोगों से मिलकर “बाल विवाह” का पुरजोर विरोध करती हुई पुनीत कार्य कर रही है। यही “बाल-विवाह” का दुखद समय सुमन की केस स्टडी बना तथा बाल-विवाह के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना माननीया आनन्दी बेन पटेल द्वारा सम्मानित होने का सुखद क्षण बना। बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने सुमन को बधाई दी और कहा, प्रदेश में मीना मंच में सामाजिक बुराईयों को दूर करने में अग्रणी भूमिका निभाने वाली पूरे प्रदेश से 20 बालिकाओं को लखनऊ में बुलाया गया था।
भदोही की बालिका प्रदेश स्तर पर चयनित हुई और अपने सर्वोत्कृष्ट कार्य द्वारा भदोही को गौरवान्वित की। समन्वयक बालिका शिक्षा राज कुमार सिंह ने सुमन और डॉक्टर माया त्रिपाठी को बधाई देते हुए कहा कि, मीना मंच से जुड़कर सुमन आज भी कार्य कर रही है तथा बालिका सशक्तिकरण की ओर बढ़ रही है। सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने मंच में पूरी निष्ठा से कार्य करने एवं जनपद को गौरवान्वित करने के लिए डां माया त्रिपाठी और सुमन पाण्डेय को शुभकामनाएं दी।