दुबई। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 सितंबर को दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित AIM Congress 2026 (Annual Investment Meeting) में शामिल हुए। निवेश के इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुख्यमंत्री ने वैश्विक कंपनियों और निवेशकों से मध्यप्रदेश में निवेश करने की अपील की। साथ ही उन्हें भोपाल में प्रस्तावित Global Investors Summit 2027 में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
AIM Congress को दुनिया के प्रमुख निवेश मंचों में गिना जाता है। सम्मेलन में 180 से अधिक देशों के करीब 20 हजार प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है। इस मंच पर सरकारों, निवेशकों, कंपनियों और सोवरिन वेल्थ फंड्स के बीच निवेश और कारोबारी संभावनाओं को लेकर चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मेलन के दौरान निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया और मध्यप्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक एवं कारोबारी अवसरों की जानकारी साझा की।
दुबई में मुख्यमंत्री ने ताज दुबई, बिजनेस बे में आयोजित मध्यप्रदेश के ODOP और GI उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। प्रदर्शनी के जरिए प्रदेश की हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक कला को अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने पेश किया गया। प्रदर्शनी में बैतूल का बेल मेटल क्राफ्ट, अशोकनगर की चंदेरी साड़ी, खरगोन के महेश्वर की महेश्वरी साड़ी, उज्जैन का बाटिक प्रिंट, भोपाल की जरी-जरदोजी और ग्वालियर का कारपेट प्रमुख आकर्षण रहे। सरकार का उद्देश्य इन स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ना और कारीगरों के लिए नए बाजार व आर्थिक अवसर तैयार करना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यामाही से भी मुलाकात की। बैठक में मध्यप्रदेश और अरब देशों के बीच व्यापार, निवेश, कृषि, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने अरब निवेशकों को मध्यप्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग और शहरी बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने अरब व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल को मध्यप्रदेश आने और Global Investors Summit 2027 में भाग लेने का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री की यात्रा में निवेश के साथ कृषि और खाद्य निर्यात की संभावनाओं पर भी फोकस किया जा रहा है। दुबई अपनी खाद्य जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। ऐसे में मध्यप्रदेश के कृषि उत्पादों के लिए UAE एक महत्वपूर्ण बाजार बन सकता है। राज्य की दाल, अनाज, मक्का, गेहूं और सोयाबीन जैसे उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं पर जोर दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश को सोयाबीन उत्पादन के लिए भी देश के प्रमुख राज्यों में गिना जाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लूलू ग्रुप के यूसुफ अली एमए के साथ भी मुलाकात की। इस बैठक को मध्यप्रदेश के कृषि और खाद्य उत्पादों को UAE के बड़े बाजार से जोड़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि राज्य के कृषि उत्पादों के लिए दुबई और अन्य खाड़ी देशों में बाजार विस्तार होता है, तो इससे किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ फूड प्रोसेसिंग, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और कोल्ड चेन जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री की AIM Congress 2026 में भागीदारी का एक प्रमुख उद्देश्य मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करना है। नए उद्योग और निवेश आने से प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।सरकार का जोर निवेश को केवल पूंजी तक सीमित रखने के बजाय स्थानीय युवाओं, किसानों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों को इससे जोड़ने पर भी है। दुबई दौरे के जरिए मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता, स्थानीय उत्पादों और कृषि क्षेत्र को वैश्विक बाजार से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।