1. हिन्दी समाचार
  2. बिज़नेस
  3. चीन का ऐंट ग्रुप भारतीय डिजिटिल पेमेंट कंपनी पेटीएम में अपनी 30 फीसद हिस्सेदारी को बेचने पर कर रहा विचार

चीन का ऐंट ग्रुप भारतीय डिजिटिल पेमेंट कंपनी पेटीएम में अपनी 30 फीसद हिस्सेदारी को बेचने पर कर रहा विचार

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
चीन का ऐंट ग्रुप भारतीय डिजिटिल पेमेंट कंपनी पेटीएम में अपनी 30 फीसद हिस्सेदारी को बेचने पर कर रहा विचार

चीन का ऐंट ग्रुप (Ant Group) भारतीय डिजिटिल पेमेंट कंपनी पेटीएम में अपनी 30 फीसद हिस्सेदारी को बेचने पर विचार कर रहा है। भारत और चीन के बीच तनाव की स्थिति और सख्त प्रतिस्पर्धी परिदृश्य को देखते हुए ऐंट ग्रुप इस पर विचार कर रहा है। मामले से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी है।

मामले से सीधे तौर पर जुड़े लोगों ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि इस संभावित लेनदेन की वित्तीय जानकारी तैयार नहीं हुई है और अलीबाबा समर्थित ऐंट ग्रुप ने अभी तक कोई औपचारिक सेल प्रोसेस लॉन्च नहीं की है।

वहीं, सॉफ्टबैंक ग्रुप कॉरपोरेशन द्वारा समर्थित पेटीएम की वैल्यू एक साल पहले इसकी ताजा निजी फंडराइजिंग राउंड के दौरान करीब 16 बिलियन डॉलर आंकी गई थी। इस वैल्यू के हिसाब से इस भारतीय कंपनी में ऐंट ग्रुप की हिस्सेदारी करीब 4.8 बिलियन डॉलर की है।

हालांकि ऐंट ग्रुप और पेटीएम दोनों ने कहा है कि यह जानकारी सही नहीं थी। पेटीएम के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘हमारे किसी भी प्रमुख शेयधारक के साथ ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है और ना ही उनके शेयर बेचने से जुड़ी कोई योजना है।’

गौरतलब है कि पिछले महीने ऐंट ग्रुप का आईपीओ आया था। यह दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता था, लेकिन इसके 37 बिलियन डॉलर के शेयरों की लिस्टिंग नाटकीय रूप से स्थगित हो गई थी। अब पेटीएम से ऐंट ग्रुप की संभावित निकासी ग्रुप के लिए एक और प्रतिकूल बात होगी। यह ऐंट ग्रुप का एक वैश्विक पेमेंट्स लीडर बनने की महत्वकांक्षा में एक कदम पीछे खिसकना होगा। सूत्रों ने अक्टूबर में रॉयटर्स को बताया था कि ऐंट ग्रुप विदेशों में कई ई-वॉलेट कंपनियों से अपना वित्तीय समर्थन कम कर रहा है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...