उत्तर प्रदेश: भारतीय जनता पार्टी ने अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को एक और बड़ा झटका दिया है। सपा से टिकट कटने से नाराज सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवाकांत ओझा ने भाजपा का दामन थाम लिया है। सपा के दिग्गज नेता रह चुके शिवाकांत ओझा ने आज ही दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ली. शिवाकांत ओझा के भाजपा में शामिल होने से प्रतापगढ़ में सियासत गर्म हो गई है।
माना जा रहा है कि टिकट कटने की वजह से शिवाकांत ओझा ने अखिलेश यादव के खिलाफ बगावत कर दी थी और भाजपा में शामिल होने के लिए दिल्ली में डेरा डाले हुए थे। शिवाकांत ओझा भाजपा में शामिल होने के बाद रानीगंज विधानसभा से टिकट के लिए दावेदारी कर सकते हैं। आरोप है कि सपा ने रानीगंज विधानसभा से शिवाकांत ओझा को दरकिनार कर आपराधिक छवि के माने जाने वाले विनोद दुबे को टिकट दिया है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होना है। इसकी शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा।
उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों पर, तीन मार्च को छठे चरण में 57 सीटों पर और सात मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा। वहीं यूपी चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे।