(आगरा से शिव कुमार की रिपोर्ट)
आगरा में कोरोना वायरस के मरीज मिलने के बाद से दहशत बरकरार है। इस बीच शहर के महापौर नवीन जैन ने ताजमहल सहित देश के सभी स्मारकों को कुछ दिनों के लिए बंद करने की मांग उठाई है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री को पत्र भी लिखा है। नगर निगम के सभागार में महापौर ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि कोरोना वायरस को देखते हुए देश के स्मारकों को कुछ दिनों के लिए बंद कर देना चाहिए।
इससे कोरोना वायरस को तेजी से फैलने से रोका जा सकता है। इसी के साथ महापौर नवीन जैन ने ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी सहित देश के सभी स्मारकों को थोड़े समय के लिए बंद करने की मांग की है। इस पर उन्होंने बताया कि, आगरा में स्मारकों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर फागिंग और एंटी लार्वा का स्प्रे कराया जा रहा है।
लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। ताकि लोग इस खतरनाक वायरस की चपेट में न आए और हम जल्द से जल्द कोरोना वायरस का तोड़ निकल सकें। प्रदेश के लोगों को जनगरूक अभियान चलाकर इस वायरस के बारे में जानकारी दी जा रही है हर व्यक्ति अपने आप को कैसे सुरक्षित रख सकता है इन सबके बारे में जगरूक किया जा रहा है।