पन्ना। जिले की तहसील देवेन्द्रनगर के ग्राम गुखौर के ग्रामीणों ने हल्का नंबर 21 की पटवारी **दिव्या कुशवाहा** पर मनमानी और पक्षपातपूर्ण कार्यशैली के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पटवारी के स्थानांतरण और उचित कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पटवारी द्वारा भूमि सीमांकन और प्रतिवेदन की प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से नहीं की जा रही है। शिकायत में कहा गया है कि कुछ मामलों में पूर्व सरपंच के प्रभाव में आकर निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे किसानों के बीच भूमि विवाद उत्पन्न हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि तहसीलदार न्यायालय में लंबित मामलों में भी मनमाने तरीके से प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वास्तविक स्थिति को नजरअंदाज कर गलत सीमांकन किया जा रहा है, जिससे कई किसानों की जमीन प्रभावित हो रही है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि पटवारी द्वारा शिकायत करने पर ग्रामीणों को धमकाया जाता है और कहा जाता है कि “जहां शिकायत करनी है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे।” इस तरह की कार्यशैली से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पटवारी का तत्काल स्थानांतरण कर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।