मुरैना। घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी और अवैध परिवहन के खिलाफ बागचीनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक लोडिंग वाहन से 90 LPG सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक लोडिंग वाहन में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर भरकर दिल्ली ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर बागचीनी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 90 घरेलू LPG सिलेंडर बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार सिलेंडरों और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों से सिलेंडरों के परिवहन से संबंधित लाइसेंस और वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे जरूरी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने वाहन और LPG सिलेंडरों को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बागचीनी में अपराध क्रमांक 194/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम और धारा 287 BNS के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सिलेंडरों की सप्लाई तथा कथित अवैध परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल डावर के मार्गदर्शन और एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के निर्देशन में की गई। बागचीनी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीश यादव सहित पुलिस टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।