छिंदवाड़ाः मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अन्तर्गत आज एक ट्रेन छिंदवाड़ा से काशी-अयोध्या के लिए रवाना हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में छिंदवाड़ा से 250 यात्रियों को रवाना किया गया। इसके बाद यह सभी यात्री 4 अप्रैल को वापस लौटेंगे। सभी यात्रियों को भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा पुष्पमाला पहनाकर स्वागत कर रवाना किया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों जो 60 वर्ष या अधिक आयु के व्यक्ति जिसमें महिलाओं को दो वर्ष की छूट है और जो आयकर दाता नहीं है, उन्हें प्रदेश के बाहर स्थित विभिन्न नाम निर्दिष्ट तीर्थ स्थानों में से एक या दो युग्म स्थानों की यात्रा सुलभ कराने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना लागू की गयी है।
छिंदवाड़ा से संवाददाता श्याम साहू की रिपोर्ट