पिता राहुल द्रविड़ के रास्ते पर चल पड़े हैं बेटे समित द्रविड़। बेंगलुरु में अपने स्कूल माल्या अदिति इंटरनेशनल का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत के पूर्व बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ ने अंडर-14 क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया। इस मैच के दौरान समित ने सिर्फ 144 गेंदों में 24 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 211 रनों की शानदार पारी खेली।
समित की इस पारी की बदौलत उनकी टीम ने 50 ओवर में 3 विकेट खोकर 386 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। इस विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी बीजीएस नेशनल पब्लिक स्कूल की टीम 254 रन ही बना पाई और एमएआई ने यह मैच 132 रनों से जीत लिया।

समित द्रविड़ ने इससे पहले 20 दिसंबर 2019 को अंडर-14 इंटर जोनल टूर्नामेंट में वाइस प्रेसिडेंट के इलेवन की ओर से खेलते हुए धारवाड़ जोन के खिलाफ 201 रन बनाकर सुर्खियां बटोरी थीं।
पिछले साल समित द्रविड़ ने इंटर जोनल टूर्नामेंट की 2 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 295 रन बनाए और गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट भी अपने नाम किए थे। अपने इस प्रदर्शन की बदौलत ही समित सुर्खियों में आए थे।