यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज नागरिकता कानून में हुई हिंसा का बचाव करने के लिए विपक्ष को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने सरकार के द्वारा की गयी कार्यवाही का समर्थन करते हुए कहा की जिन्होंने हिंसा की है उन्हें हिंसा की कीमत तो चुकानी ही होगी।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया में हुई हिंसा के बाद मैंने अलीगढ़ प्रशासन को अलर्ट किया।
प्रशासन ने मुझे बताया था कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के करीब 15 हजार छात्र सड़कों पर उतरकर पूरा अलीगढ़ जला देना चाहते थे लेकिन पुलिस की सक्रियता से वो कामयाब नहीं हो सके। योगी ने कहा कि प्रदेश की पुलिस को इसका श्रेय देना चाहिए कि प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलवाकर अयोध्या की मान्यता को दूषित करने का प्रयास किया वो आज हमसे उपद्रवियों पर होने वाली कार्रवाई का जवाब मांग रहे हैं।