रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक में भारत की तरफ से मेडल का सिलसिला जारी है। भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने 65 किलो ग्राम भार वर्ग में सेमीफाइनल में जगह बना ली है। देश की सबसे बड़ी उम्मीद बजरंग पूनिया ने क्वार्टर फाइनल में ईरान के मोर्तेजा चेका को चित्त कर दिया। जिसके बाद उन्होने अगले दौर में जगह बनाई।

बात करें मैच की तो पहले राउंड में बजरंग 0-1 से पिछड़ रहे थे। जबकि दूसरे राउंड में बजरंग ने ऐसा दांव खेला कि वो सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गए। बजरंग मेडल से महज एक कदम दूर हैं। इस मुकाबले के बाद पूरे देश की गोल्ड की उम्मीदें और मजबूत हो गई है। सेमीफाइनल में अब उनका सामना रियो ओलंपिक के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट और तीन बार के वर्ल्ड चैंपियन हाजी अलीजेव से होगा। लेकिन कोई बड़ी बात नहीं है, बजरंग ने 2 साल पहले प्रो रेसलिंग लीग में अलीयेव को हराया था।
आपको बता दें कि आखिरी सेकेंड में जीत हासिल करके बनाई थी क्वार्टर फाइनल में जगह इससे पहले भारत के इस स्टार पहलवान ने किर्गिस्तान के अरनाजर अकमातालिव को मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। अरनाजर के खिलाफ मुकाबले के पहले राउंड में बजरंग ने 3-1 से बढ़त हासिल कर ली थी। लेकिन दूसरे राउंड में मुकाबला काफी रोमांचक हो गया। आखिरी सेकंड में अरनाजर ने 2 अंक हासिल कर लिए। इसके बाद बजरंग ने आखिरी सेकेंड में अंक हासिल करके मुकाबला अपने नाम कर लिया था।
आपको बता दें कि बजरंग पूनिया से पहले पहलवान रवि दहिया कुश्ती में भारत को एक मेडल दिला चुके हैं। लेकिन रवि को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था और उन्हें सिल्वर से ही संतोष करना पड़ा। अब बजरंग ने देश की गोल्ड की उम्मीदों को बनाए रखा।