रविवार को खेले गए महिला विश्वकप के फाइनल में भारत को 85 रन से मैच में हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को शिकस्त देते हुए पांचवी बार इस खिताब को अपने नाम करके रिकॉर्ड बनाया है। तो वहीं भारतीय टीम को उपविजेता की ट्रॉफी से ही संतोष करना पड़ा। इसके साथ ही टीम इंडिया का महिला टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना रविवार को अधूरा रह गया।
इस हार के बाद कप्तान हरमनप्रीत ने कहा, हमने कुछ गलतियां कीं, जिसके कारण परिणाम हमारे पक्ष में नहीं गया। मगर हमें खुद पर भरोसा करने की जरूरत है और हमारा भविष्य अच्छा है। हमने वे कैच छोड़ दिए जो हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण थे।
सबसे पहले शेफाली से एलिसा हेली का कैच पहले ही ओवर में छूटा था उसके बाद चौथे ओवर में राजेश्वरी गायकवाड़ अपनी ही गेंद पर मूनी का कैच नहीं पकड़ पाई थीं। जिसके बाद इन दोनों ही खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए 150 से ज्यादा रन बनाए।
आगे हरमनप्रीत ने कहा, जिस ढंग से हम लीग स्टेज में खेले वह शानदार था। आने वाला डेढ़ साल हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हमारा भविष्य अच्छा है, हमें खुद पर भरोसा करने की जरूरत है। आपको हमेशा सीखते रहना होता है। हमारा पहला मैच अच्छा था। इसने हमें भरपूर विश्वास दिया।