1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. राष्ट्रवाद की विचारधारा को अपनाकर ही देश को एक सूत्र में बांधा जा सकता; कुलदीप कुमार

राष्ट्रवाद की विचारधारा को अपनाकर ही देश को एक सूत्र में बांधा जा सकता; कुलदीप कुमार

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
राष्ट्रवाद की विचारधारा को अपनाकर ही देश को एक सूत्र में बांधा जा सकता; कुलदीप कुमार

ऋषिकेश: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय प्रशिक्षण विभाग की ओर से आयोजित मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे और अंतिम दिन श्यामपुर मंडल में आयोजित सत्र का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने आज के भारत में वैचारिक मुख्यधारा विषय पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद की विचारधारा को अपनाकर ही देश को एक सूत्र में बांधा जा सकता है। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जो विचार दिया था उसी पर चलकर भारतीय जनता पार्टी आज देश के शिखर पर पहुंची है। कई प्रदेशों में भाजपा सरकार गठित हुई है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद को अपनाकर ही देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखा जा सकता है। भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई से लेकर वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक के कार्यकाल में भाजपा सरकार के कार्यों और उपलब्धियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई ने पोखरण परमाणु विस्फोट करके पूरे विश्व को बता दिया कि भारत भी एक महाशक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान और चीन सीमा पर भारतीय सेना के मनोबल को बढ़ाते हुए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।

जिला अध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर ने कहा कि जब राष्ट्र सुरक्षित, समृद्ध और खुशहाल रहेगा तभी भारतवासी सम्मान के साथ विश्व का मुकाबला कर सकते हैं। आमजन के भीतर आत्मविश्वास और साहस जुटाने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है। श्यामपुर मंडल में द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में जिला प्रशिक्षण प्रमुख यशपाल नेगी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

उधर, भाजपा ऋषिकेश मंडल के प्रशिक्षण वर्ग शिविर अंतिम दिन चार सत्रों में आयोजित किया गया है। प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता दायित्व धारी ज्योति प्रसाद गैरोला ने अंतोदय योजना पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की ओर से चलाई गई यह योजना ऐसी योजना है जो गरीबों का सहारा बनी है। कांग्रेस ने सिर्फ नारों और घोषणाओं में ही गरीबी मिटाई है। शिविर में मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री हिमांशु संगतानी, संजय शास्त्री आदि मौजूद रहे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...