खंडवा के सूरजकुंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान बवाल हो गया। प्रशासन की कार्रवाई से नाराज लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। परीक्षाओं के चलते जिला प्रशासन और रेलवे ने पहले कार्यवाही टाल दी थी, लेकिन अब फिर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। इस दौरान जमकर नारेबाजी करते हुए लोगों ने कहा कि हम लोग यहां वर्षों से रह रहे हैं। अब हमारे ऊपर से बुलडोजर चलाया जा रहा है।
दरअसल रेलवे ने अतिक्रमण पर कार्यवाही करते हुए कुछ मकानों पर बुलडोजर चला दिया था। हंगामे के दौरान एक अजीब वाकया भी हुआ। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के पैरों में पड़ गए। उनका कहना था कि यह लोग जेल भेज देते हैं, इसलिए इनको बजरंग बली समझकर उनके पैर पकड़ लिए।
विरोध प्रदर्शन करने वाली महिलाओं ने कहा कि हमे यहां से हटाने से पहले हमारे रहने का इंतजाम किया जाए, हम यहां पांच पीढ़ियों से रह रहे हैं, हम सभी टैक्स भी देते हैं। स्थानीय पार्षद का कहना है कि हम लगातार रेलवे से निवेदन कर रहे कि यह जगह नजूल में आती है इसकी नपती करवा दीजिए।
नगर निगम नेता में प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर ने आरोप लगाया कि हिंदुत्व का दावा करने वाले लोग कहां हैं, त्यौहार के दौरान माता बहनों को हटाया जा रहा है और ये सब चुप हैं, क्या ऐसे बनेगा हिंदू राष्ट्र? जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद रेलवे ने अभी कार्यवाही रोक दी है, कल जिला प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचेंगे उसके बाद निर्णय होगा।