रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: वेस्टइंडीज क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज और क्रिकेट जगत के युनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। गेल T-20 क्रिकेट में 14 हजार रन बनाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गये। गेल ने यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए सीरीज के तीसरे मैच में हांसिल की है।
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेंट लूसिया में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में 29वां रन बनाते ही वह इस जादुई आंकड़े तक पहुंच गए। इस मैच में भी क्रिस गेल ने 38 गेंदों में 67 रनों की तूफानी पारी खेली। गेल ने मार्च 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली बार 50 रनों का स्कोर पार किया था।
गेल के इस तूफानी पारी का ही परिणाम है कि वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली। 41 वर्षीय गेल के नाम अब 431 टी20 मैचों में 37.63 की औसत से 14,038 रन हो गए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 22 शतक और 87 अर्धशतक निकले हैं। वहीं, वेस्टइंडीज के ही कीरोन पोलार्ड 545 मैचों में 10,836 रन बनाकर इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं।
बात करें टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की तो टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। कोहली ने अबतक 310 टी20 मैचों में 9,922 रन बनाए हैं, जिसमें पांच शतक और 72 अर्धशतक शामिल रहे। उन्होंने ये रन 41.86 की औसत से बनाए हैं। कोहली ओवरऑल इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर काबिज हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 141 रनों का स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मोइजेस हेनरिक्स ने 33 और कप्तान एरॉन फिंच ने 30 रन बनाए। वहीं वेस्टइंडीज की ओर से हेडन वॉल्श जूनियर ने सबसे ज्यादा दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 14.5 ओवर में आसानी से लक्ष्य हांसिल कर लिया। गेल ने 38 गेंदो का सामना करते हुए 4 चौके और 7 छक्कों की मदद से 67 रनों की तूफानी पारी खेली। जबकि कार्यवाहक कप्तान निकोलस पूरन ने नाबाद 32 रनों की बदौलत टीम ने आसानी से मैच अपने नाम कर लिया।