1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. प्रदेश में बदलाव के रूप में उक्रांद से बेहतर कोई विकल्प नहीं; सुरेंद्र कुकरेती

प्रदेश में बदलाव के रूप में उक्रांद से बेहतर कोई विकल्प नहीं; सुरेंद्र कुकरेती

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
प्रदेश में बदलाव के रूप में उक्रांद से बेहतर कोई विकल्प नहीं; सुरेंद्र कुकरेती

विकासनगर(देहरादून): उत्तराखंड क्रांति दल की अनुशासन समिति के नव मनोनीत केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि प्रदेश में सत्त के बदलाव के रूप में उक्रांद से बेहतर कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्माण में उक्रांद की मुख्य भूमिका रही है, इससे बेहतर प्रदेश के भविष्य के बारे में कोई दूसरा दल नहीं सोच सकता है। नवमनोनीत अध्यक्ष का यहां डाकपत्थर रोड स्थित दल के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

उक्रांद ने वरिष्ठ नेता और राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र कुकरेती को पार्टी की केंद्रीय अनुशासन समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया है। उनके अध्यक्ष बनाए जाने से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल कायम है। कार्यकर्ताओं ने डाकपत्थर रोड स्थित पार्टी के कार्यालय पर नव मनोनीत अध्यक्ष को फूल माला पहनाकर स्वागत किया। नव मनोनीत केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि पहाड़ से पलायन रोकना और बेरोजगारी को दूर करना उनकी प्राथमिकता है।

पहाड़ में मौजूद संसाधनों को रोजगार से जोड़कर पलायन व बेरोजगारी की समस्या को दूर किया जाएगा। कहा कि भाजपा हो या कांग्रेस दोनों ही दलों ने राज्य में सत्ता सुख भोगा, लेकिन पहाड़ से हो रहे पलायन रोकने व बेरोजगारी दूर करने में दोनों दल पूरी तरह से असफल रहे हैं।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए चलाए गए आंदोलनों में दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त प्रदेश की समस्याओं के मामले में भी उक्रांद से अधिक गंभीरता किसी दल में नहीं है। उक्रांद अनुशासन का कड़ाई से पालन कराते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेगा।

कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष देवेश्वरी विडालिया, केंद्रीय उपाध्यक्ष शैलेश गुलेरी, देवेंद्र कंडवाल, जिलाध्यक्ष दिगंबर भंडारी, जयकृष्ण सेमवाल, नरेंद्र कुकरेती, राजेंद्र खैरवाल, अजय ठाकुर, विरेंद्र नेगी, बीना पंवार, मुन्नी नौटियाल, नर्वदा पुंडीर, कमला भटट, दिगंबरी नेगी, सुशीला नेगी, राम सिंह रावत, अमजद मिर्जा, लक्ष्मी पंवार, शोभा उनियाल, सावित्री जोशी, सीता रावत, रतनलाल, गोदियाल, यशपाल गुंसाई आदि उपस्थित रहे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...