रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: आईपीएल के इस सीजन के दूसरे चरण की शुरुआत 19 सितंबर से UAE की सरजमीं पर हो रही है। कई टीमें दूसरे चरण से पहले कई खिलाड़ियों को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल कर रही हैं। टीमों के रिप्लेसमेंट में दुनिया के टॉप-4 टी20 इंटरनेशल गेंदबाज खेलते दिखेंगे। खास बात यह है कि सभी खिलाड़ी लेग स्पिनर हैं।
आपको बता दें कि दूसरे चरण में तबरेज शम्सी राजस्थान रॉयल्स की ओर से, वानिंदु हसारंगा RCB की ओर से, राशिद खान SRH की ओर से और आदिल राशिद PBKS की टीम में दिखेंगे। बात करें राशिद खान और तबरेज शम्सी की तो इनको IPL में खेलने का अनुभव है, वहीं हसारंगा और आदिल राशिद पहली बार इस मेगा इवेंट में खेलते दिखाई देंगे।

आपको बता दें कि KKR की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग के बाकी बचे सत्र के लिए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी के साथ करार किया है। साउदी को ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस के विकल्प के तौर पर टीम से जोड़ा गया है, जो निजी कारणों से आईपीएल से हट गए हैं। KKR ने कमिंस को IPL 2020 की नीलामी में 15 करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा था और वह टीम के अहम सदस्य थे। कमिंस ने इस सीजन टीम के लिए सातों मैचों में खेले और नौ विकेट चटकाने के अलावा 93 रन बनाए।
बात करें टिम साउदी की तो साउदी टी20 इंटरनेशनल में 83 मैचों में 99 विकेट के साथ साउदी दुनिया के तीसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। वह इससे पहले आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रह चुके हैं। साउदी ने अब तक 40 आईपीएल मुकाबले में 46.17 की औसत से 28 विकेट चटकाए हैं।
इसके बाद RCB ने एडम जाम्पा की जगह श्रीलंका के वानिंदु हसारंगा को टीम में शामिल किया है। वर्ल्ड नंबर-2 हसारंगा ने भारत के खिलाफ हालिया में टी20 सीरीज के दौरान सात विकेट चटकाए थे। हसारंगा के नाम ओवरऑल अबतक 22 टी20 इंटरनेशनल में 14.45 की बेहतरीन औसत से 33 विकेट दर्ज हैं।
इसके साथ ही RCB ने डेनियल सैम्स की जगह दुष्मंता चामीरा, केन रिचर्डसन की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जॉर्ज गार्टन और न्यूजीलैंड के फिन एलेन की जगह टिम डेविड को टीम में शामिल किया है>
RR ने इंग्लैंड के जोस बटलर की जगह न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स को टीम में शामिल किया है। फिलिप्स ने 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 506 रन बनाए हैं। साथ ही राजस्थान रॉयल्स ने एंड्रयू टाई की जगह साउथ अफ्रीकी चाइनामैन गेंदबाज तबरेज शम्सी को अपने टीम में शामिल किया है। वर्ल्ड नंबर-1 शम्सी ने आईपीएल में अब तक चार मैचों में तीन विकेट चटकाए हैं।
वहीं पंजाब किंग्स ने भी कुछ खिलाड़ियों का रिप्लेसमेंट किया है। नाथन एलिस को रिली मेरेडिथ को टीम में जगह मिली है। इसके साथ ही जाय रिचर्डसन की जगह इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल राशिद को भी टीम में जगह मिली है। वर्ल्ड नंबर-4 राशिद ने अब तक 62 टी20 इंटरनेशनल में 24.29 की औसत से 65 विकेट अपने नाम किए हैं।
आपको बता दें कि अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम टॉप पर है। दिल्ली ने अब तक आठ में से छह मुकाबले जीते हैं। वहीं, सीएसके दूसरे और विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) तीसरे नंबर पर है। सीएसके और आरसीबी दोनों ही टीमों ने अब तक सात में से पांच मुकाबले जीते हैं, जबकि दो में उन्हें हार मिली है।