भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही पांच T20 मैचों की सीरीज में भारत ने न्यूजीलैंड पर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। पहले और दूसरे मैच में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड पर जीत हासिल की। पहले मैच में 6 विकेट से और दूसरे मैच में 7 विकेट से जीत हासिल की है। पहले मैच में जहां बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया तो वहीं दूसरे मैच में गेंदबाजों की बदौलत भारत ने जीत हासिल की।
अगर भारत तीसरा टी-20 इंटरनेशनल मैच भी जीत लेता है, तो वह न्यूजीलैंड की धरती पर इतिहास रच देगा। इस मैच में जीत के साथ भारत पहली बार न्यूजीलैंड की धरती पर कीवियों के खिलाफ द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज फतह कर लेगा। भारत ने अब तक न्यूजीलैंड की धरती पर द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज नहीं जीत पाया है। इंडिया के पास न्यूजीलैंड की धरती पर पहली बार कोई द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज जीतने का मौका है।
इस सीरीज से पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच न्यूजीलैंड की धरती पर दो बार टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली गई थी। जिसमें न्यूजीलैंड ने दोनों बार ही बाजी मारी है। साल 2008-2009 में खेली गई दो मैचों की टी-20 सीरीज में भारत को 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद भारत को 2018-2019 में खेली गई टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में न्यूजीलैंड ने 2-1 से हराया था।