नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउन्सिल ने टी-20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी कर दिया है। ICC द्वारा जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक टी-20 वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला 17 अक्तूबर को ओमान और पपुआ न्यूगिनी के बीच खेला जाएगा। वहीं इसी दिन दूसरा मैच बांग्लादेश और स्कॉटलैंड के बीच होगा। जबकि भारत टी-20 विश्व कप में अपना पहला मुकाबला 24 अक्तूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा।
विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया न्यूजीलैंड के साथ 31 अक्टूबर और अफगानिस्तान के साथ 3 नवंबर को भिड़ेगी। बता दें कि, टी20 वर्ल्ड कप 17 अक्टूबर से 14 नवंबर तक यूएई और ओमान में खेला जाना है। टी20 वर्ल्ड कप को लेकर दो अलग अलग ग्रुप और उनमें शामिल टीमों को लेकर पहले ही ऐलान किया जा चुका है।
Mark your calendars 📆
Get ready for the 2021 ICC Men’s #T20WorldCup bonanza 🤩
— ICC (@ICC) August 17, 2021
टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के ग्रुप इस प्रकार हैं:
राउंड-1 :
ग्रुप ए : श्रीलंका, आयरलैंड, नीदरलैंड और नामीबिया
ग्रुप बी : बांग्लादेश, स्कॉटलैंड, पापुआ न्यू गुएना (पीएनजी) और ओमान।
सुपर-12 :
ग्रुप 1 : इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, ए1 और बी2
ग्रुप 2 : भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, ए2 और बी1।
17 अक्टूबर से पहले राउंड के मैच
टूर्नामेंट की शुरुआत 17 अक्टूबर को ओमान और पापुआ न्यू गिनी के बीच राउंड 1 ग्रुप बी के मुकाबले से होगी, जिसमें ग्रुप बी की अन्य टीमें स्कॉटलैंड और बांग्लादेश आपस में भिड़ेंगी। ग्रुप ए में आयरलैंड, नीदरलैंड, श्रीलंका और नामीबिया शामिल हैं। राउंड 1 के मैच 17 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक चलेंगे। हर ग्रुप से दो टॉप टीमें 23 अक्टूबर से शुरू होने वाले सुपर 12 चरण में जाएंगी।
सुपर 12 की शुरुआत 23 अक्टूबर से होगी
सुपर 12 चरण की शुरुआत 23 अक्टूबर से अबू धाबी में होगी। ग्रुप 1 में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद ग्रुप 1 में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच दुबई में मुकाबला होगा। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया 30 अक्टूबर को दुबई में आमने-सामने होंगे। ग्रुप 1 के मैचों का समापन 6 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच अबु धाबी में और इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच शारजाह में होने वाले मैचों के साथ होगा।
भारत ग्रुप 2 में शामिल
भारत ग्रुप 2 में शामिल है. ग्रुप 2 की शुरुआत 24 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबले से होगी। पाकिस्तान फिर 26 अक्टूबर को शारजाह में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। अफगानिस्तान की टीम टी-20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत 25 अक्टूबर को शारजाह में करेगी, जिसमें पहले दौर से ग्रुप बी के विजेता टीम के साथ मुकाबला करेगी। इस ग्रुप के मुकाबले का समापन 8 नवंबर को होगा, जिसमें भारत ग्रुप ए से दूसरे स्थान पर रहने वाले राउंड 1 क्वालीफायर टीम से मुकाबले करेगा।
सेमीफाइनल और फाइनल
पहला सेमीफाइनल 10 नवंबर को अबू धाबी में होगा. दूसरा सेमीफाइनल 11 नवंबर को दुबई में खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल में रिजर्व डे रखे गए हैं। टूर्नामेंट का फाइनल दुबई में 14 नवंबर को खेला जाएगा. फाइनल के लिए भी रिजर्व डे रखा गया है।
बता दें कि टी-20 विश्व कप 2021 का आयोजन पहले भारत में प्रस्तावित था। लेकिन कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के चलते भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसे यूएई और ओमान में स्थानांतरित कर दिया। यूएई में टी20 वर्ल्ड कप के मैच ओमान, अबुधाबी, दुबई और शारजाह में होंगे।