केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद में अपना चौथा आम बजट पेश किया। इस बजट में डिजिटल करेंसी, पोस्ट ऑफिस को कोर बैंकिंग से जोड़ने, विदेश यात्रा सुगम बनाने के लिए ई-पासपोर्ट सेवा शुरू करने जैसी कई अहम और बड़ी घोषणाएं हुईं।
Congratulations to PM @narendramodi Ji & FM @nsitharaman Ji for a futuristic #AatmaNirbharBharatKaBudget laying the blueprint for India’s Amrit Kaal. Emphasis on multi-modal infra & newer avenues for investment will position India at the center of the emerging global economy.
— Smriti Z Irani (@smritiirani) February 1, 2022
आम आदमी यानी मिडिल क्लास की उम्मीदें हर बार की तरह इस बार भी टैक्स में राहत मिलने से ही जुड़ी थीं। बजट 2022-23 में टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके बाद से सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी पीड़ा ज़ाहिर करनी शुरू कर दी है और मीम्स की बाढ़ आ गई है। वहीं, केंद्रीय मंत्री और नेता इसे आत्मनिर्भर भारत का बजट बता रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भविष्य को ध्यान में रखकर बनाए गए इस बजट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, “भारत के अमृतकाल में आत्मनिर्भर भारत का बजट पेश करने के लिए पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को बधाई। मल्टी मॉडल इन्फ्ऱा और निवेश के नए रास्तों पर ज़ोर से भारत उभरती वैश्विक अर्थव्यवस्था के केंद्र में आ सकेगा।”
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बजट की तारीफ़ करते हुए ट्वीट किया, “वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को 2022-23 का बेहतरीन बजट पेश करने के लिए बधाई। यह एक ऐसा बजट है जो मेक इन इंडिया को प्रोत्साहन देगा, मांग में बढ़ोतरी करेगा और एक मज़बूत, समृद्ध और आत्मविश्वास से परिपूर्ण भारत का निर्माण करेगा।”