1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. श्रावणी मेला 2026: बाबा ज्यैष्ठगोरनाथ महादेव मंदिर में बढ़ी तैयारियां, पहली बार लागू होगा अरघा सिस्टम

श्रावणी मेला 2026: बाबा ज्यैष्ठगोरनाथ महादेव मंदिर में बढ़ी तैयारियां, पहली बार लागू होगा अरघा सिस्टम

बांका के अमरपुर स्थित बाबा ज्यैष्ठगोरनाथ महादेव मंदिर में श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार पहली बार अरघा सिस्टम से जलाभिषेक कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तीन लेयर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और 24 घंटे कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जाएगी।

By: Nivedita 
Updated:
श्रावणी मेला 2026: बाबा ज्यैष्ठगोरनाथ महादेव मंदिर में बढ़ी तैयारियां, पहली बार लागू होगा अरघा सिस्टम

बांका जिले के अमरपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा ज्यैष्ठगोरनाथ महादेव मंदिर में श्रावणी मेला 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन, अंचलाधिकारी आकाशदीप सिन्हा और थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पहली बार अरघा सिस्टम से होगा जलाभिषेक

इस वर्ष श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है। मंदिर समिति के अनुसार पहली बार अरघा सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे। इससे भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन व जलार्पण की सुविधा मिलेगी।

तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा जोर

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तीन स्तर की बैरिकेडिंग की जाएगी। प्रशासन ने मंदिर परिसर के आसपास हुए अतिक्रमण को हटाने और श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई, जिसमें मंदिर के बाहर निर्धारित स्थान पर वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है।

 

सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

श्रावणी मेले में सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी और श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ऊंचे मंच की व्यवस्था भी की जाएगी। अंचलाधिकारी ने मंदिर समिति को 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम बनाने का सुझाव दिया है, जहां लगातार निगरानी के लिए कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं की तैयारी

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए साफ-सफाई, निकासी मार्ग, पुल पर बैरिकेडिंग और महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी शौचालय जैसी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया है। मेले के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

रिपोर्ट – दीपक कुमार

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...