भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस साल होने वाली डे नाइट टेस्ट सीरीज के लिए बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने रविवार को यह जानकारी देते हुए कहा, टीम इंडिया पिंक बॉल से मैच खेलेगी। कुछ समय पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान डे नाइट टेस्ट खेलने के लिए तैयार है।
सौरव गांगुली ने कहा, ‘हां, ऑस्ट्रेलिया में भारत डे नाइट टेस्ट खेलेगा, जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।’ पूर्व भारतीय कप्तान गांगुली ने आगे कहा कि, इंग्लैंड के खिलाफ अगली घरेलू सीरीज का दूसरा टेस्ट डे नाइट का मुकाबला होगा।
बता दें इससे पहले भारत ने अपना पहला डे नाइट टेस्ट पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेला था और इस मुकाबले में आसान जीत दर्ज की थी। ऑस्ट्रेलिया दौर पर डे नाइट टेस्ट की जगह अभी तय नहीं है लेकिन गुलाबी गेंद के मैच की मेजबानी पर्थ या एडिलेड को मिलने की संभावना है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले महीने तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले कोहली ने कहा था, ‘हम चुनौती के लिए तैयार हैं- फिर चाहे यह गाबा हो या पर्थ यह हमारे लिए मायने नहीं रखता। यह किसी भी टेस्ट सीरीज का बेहद रोमांचक हिस्सा बन गया है और हम डे नाइट टेस्ट खेलने के लिए तैयार हैं।’