दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों के लिए अब दिल्ली से मेरठ का सफर बेहद आसान और आरामदायक होने वाला है। रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) यानी ‘नमो भारत’ ट्रेन सेवा का सबसे बड़ा स्टेशन, सराय काले खां पूरी तरह से तैयार हो चुका है। विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस यह स्टेशन जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। अभी तक घंटों जाम में फंसकर दिल्ली से मेरठ और मेरठ से दिल्ली का सफर तय करने वाले यात्रियों को अब बड़ी राहत मिलेगी। यह अत्याधुनिक स्टेशन इस रूट पर यात्रा को मात्र एक घंटे में पूरा करने की सुविधा देगा, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी। बता दें कि नमो भारत ट्रेन अभी तक न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक जाती थी, लेकिन अब कई स्टेशन और जुड़ जाएंगे यानी सराय काले खां से लेकर मोदीपुरम डिपो तक लोगों का सफर अब आसान हो जाएगा।
सराय काले खां स्टेशन सिर्फ बड़ा ही नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं के मामले में भी किसी एयरपोर्ट से कम नहीं है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 6 प्लेटफॉर्म और 4 ट्रैक बनाए गए हैं। यहां मॉर्डन लुक, हाईटेक सिक्योरिटी, एस्केलेटर, लिफ्ट, और आरामदायक वेटिंग एरिया जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए स्टेशन पर 6 एंट्री/एग्जिट गेट बनाए गए हैं, जो भीड़ को नियंत्रित करने में मदद करेंगे। साथ ही, 900 से अधिक वाहनों की पार्किंग क्षमता के साथ यह स्टेशन कार और टू-व्हीलर दोनों के लिए पर्याप्त जगह प्रदान करता है। डिजिटल सिग्नेज और कैफे जैसी सुविधाएं भी इसे एक बेहतरीन यात्रा अनुभव प्रदान करती हैं।सराय काले खां से मेरठ तक का 82 किलोमीटर का यह कॉरिडोर कुल 16 वर्ल्ड क्लास स्टेशनों से होकर गुजरेगा। इस रूट पर चलने वाली ‘नमो भारत’ ट्रेन की अधिकतम गति 160 किमी/घंटा होगी, जिससे 55 मिनट से 1 घंटे के अंदर यात्रा पूरी की जा सकेगी।
यह रूट निम्नलिखित स्टेशनों को जोड़ेगा-सराय काले खां,न्यू अशोक नगर,आनंद विहार , साहिबाबाद, गाज़ियाबाद, गुलधर, दुहाई,मुरादनगर,मोदीनगर नॉर्थ,मोदीनगर साउथ,मेरठ साउथ,शताब्दी नगर,बेगमपुर,मोदीपुरम यह कॉरिडोर ना सिर्फ यात्रियों के लिए तेज और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करेगा, बल्कि भीड़भाड़ और प्रदूषण से भी राहत देगा।
मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का हबसराय काले खां स्टेशन को एक मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है। यह दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन से सीधे जुड़ा हुआ है, जिससे शहर के अन्य हिस्सों से आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। इसके अलावा, यह स्टेशन निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और ISBT (अंतरराज्यीय बस अड्डा) से भी सीधा जुड़ाव रखता है, जिससे यात्रियों को ट्रेन या बस बदलने में कोई परेशानी नहीं होगी। भविष्य में इसे दिल्ली-गुड़गांव-अलवर और दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर से भी जोड़ा जाएगा।
मेरठ के भीतर 23 किलोमीटर का एक अलग रैपिड मेट्रो कॉरिडोर भी तैयार किया गया है, जिसमें 13 स्टेशन होंगे। इनमें मेरठ सेंट्रल, वैशाली और बेगम पुल जैसे अंडरग्राउंड स्टेशन भी शामिल हैं। मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुर और मोदीपुरम जैसे स्टेशन कॉमन होंगे, जहां यात्री ‘नमो भारत’ ट्रेन से मेरठ रैपिड मेट्रो में बदल सकेंगे।सराय काले खां स्टेशन भारत का सबसे बड़ा और सबसे आधुनिक ‘नमो भारत’ स्टेशन है। यह न सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर का एक अद्भुत उदाहरण है, बल्कि दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी में एक क्रांतिकारी बदलाव लाने की क्षमता भी रखता है।