उज्जैन में आगामी महाकुंभ को लेकर तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। संत समाज ने प्रदेश सरकार की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की सराहना की है। कहा जा रहा है कि इस बार महाकुंभ पहले से कहीं ज्यादा भव्य और व्यवस्थित होगा।

अखिल भारतीय सनातन परिषद के संभाग अध्यक्ष महंत महावीर नाथ महाराज ने उज्जैन में चल रहे महाकुंभ से जुड़े विकास कार्यों को लेकर संतोष जताया है। उन्होंने बताया कि जिस तरह नासिक में भव्य आयोजन हुआ था, उसी तर्ज पर अब उज्जैन में भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
महंत महावीर नाथ के अनुसार, डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में इस बार व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले कुंभ की कमियों को ध्यान में रखते हुए करीब 29 किलोमीटर लंबे घाटों का निर्माण किया जा रहा है।
इसके साथ ही शहर में सिक्स लेन सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण कार्य तेजी से जारी है, ताकि महाकुंभ के दौरान यातायात सुगम रह सके।उन्होंने यह भी बताया कि शिप्रा नदी को स्वच्छ बनाए रखने के लिए गंदे नालों को रोकने हेतु टनल निर्माण किया गया है। जिससे श्रद्धालुओं को साफ जल में स्नान का लाभ मिल सकेगा।
संत समाज का मानना है कि इस बार का महाकुंभ व्यवस्थाओं और विकास के मामले में एक नई मिसाल बनेगा और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट