न्यूजीलैंड के अनुभवी और धाकड़ बल्लेबाज रॉस टेलर ने अपने करियर का 100वां टेस्ट मैच खेलने से पहले कहा कि किसी का करियर पर्फेक्ट नहीं होता, सभी अपनी गलती से ही सीखते हैं।
भारत के खिलाफ वनड़े सीरीज जीतने के बाद न्यूजीलैंड 21 फरवरी से शुरू हो रही दो मैचों की सीरीज का पहला मैच खेलेगी। इसके साथ ही रॉस टेलर जब यह मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे तो उनका करियर का यह 100वां टेस्ट मैच होगा।

उससे पहले रॉस टेलर ने कहा, ‘किसी का करियर परफेक्ट नहीं होता। कई बार आप नाकाम रहते हैं। गलतियां और हालात आपको परिपक्व बनाते हैं।’ इसके बाद जब टेलर से 100वें टेस्ट मैच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘शायद अब बूढ़ा हो गया हूं लेकिन अपनी उपलब्धियों से खुश हूं।’
आगे टेलर ने कहा, ‘एक बल्लेबाज के तौर पर टेस्ट क्रिकेट और वनड़े क्रिकेट में मैने कई उतार चढ़ाव देखे हैं। वेलिंग्टन की मेरे दिल में खास जगह है। मैं अपने करियर के आखिर में इन सुनहरी यादों को सहेजकर रखूंगा।’
आगे 100वें टेस्ट मैच के बारे में टेलर ने कहा, ‘आखिर में तो यह एक मैच ही है जिसमें आपकी कोशिश टीम को जिताने की होती है और असल में मुझे इसी का पूरा मजा लेना है। मैदान पर उतरने के बाद हर खिलाड़ी यही करना चाहता है।’