देश में कोरोना के मामलों में कमी, पिछले 24 घंटों में 40,000 से कम मामले
देश में एक बार फिर कोरोना के मामलों में कमी दर्ज की गई है. लगातार छठे दिन पिछले 24 घंटों में 40,000 से कम मामले सामने आए हैं। जो देशवासियों के लिए राहत की खबर है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 36,594 नए मामले सामने आए हैं और कुल 540 मरीजों की मौत पिछले 24 घंटों में हुई है।
डेढ़ लाख के करीब पहुंचने वाला है मौतों का आंकड़ा
चिंता की बात यह है कि अब तक देश में कोरोना से एक लाख चालिस हजार के आसपास लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार तक देश में कोरोना से हुई कुल मौतों का आंकड़ा 1,39,188 पहुंच गया है। जबकि 04 दिसंबर यानी शुक्रवार तक जारी आंकड़ों के अनुसार, 4,16,082 एक्टिव केसे हैं। जो लोग कोरोना को मात देकर घर लौट चुके हैं उनकी संख्या जबकि 90,16,289 हैं। अब रोजाना देश में 10 लाख से ऊपर जांच हो रही है।
शुक्रवार को कुल 11,70,102 लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए. इन लोगों में से 36,594 लोग संक्रमित पाए गए हैं. वही पिछले 24 घंटों में 42,916 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं. इस समय हमारे देश का रिकवरी रेट 94.20 प्रतिशत हो चुका है।
दिल्ली में भी घटा कोरोना संक्रमण
दिल्ली वासियों के लिए भी राहत की बात है कि राजधानी में कोरोना के मामलों में काफी सुधार देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को दिल्ली में 85,003 टेस्ट किए गए जिसमें से 4,067 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. वही पिछले 24 घंटों में राजधानी में 73 मरीजों की मौत कोरोना से हुई है। दिल्ली में कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों का आंकड़ा 9,497 पहुंच गया है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में अब तक कुल 5,86,125 संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। इन मरीजों में से 5,48,376 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। दिल्ली में रिकवरी रेट 93.55 प्रतिशत हो गया है जबकि कुल एक्टिव केस 28,252 हैं।